शासकीय आदर्श कन्या महाविद्यालय श्योपुर में 22-23 सितम्बर को जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी म.प्र. संस्कृति परिषद, भोपाल के तत्वावधान और महाविद्यालय के संयोजन में चौमासे के सहरिया जनजातीय एवं लोक अनुष्ठान सांस्कृतिक स्मृति और अभिप्राय विषय पर दो दिवसीय परिसंवाद (संगोष्ठी) का आयोजन किया जा रहा हैं। यह कार्यक्रम जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति अकादमी भोपाल के निर्देशक डॉ धर्मेन्द्र पारे के निर्देशन में आयोजित हो रहा है। इस परिसंवाद (संगोष्ठी) में श्योपुर जिले की आदिम जनजाति सहरिया के चौमासे के अनुष्ठानों, लोक नृत्यों, लोक गायन आदि का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर अनेक विद्वान एवं शोधार्थी अपने अपने शोध पत्रों के माध्यम से इस जनजाति की लोक संस्कृति पर भी प्रकाश डालेंगे। इस परिसंवाद के मुख्य उद्बोधन कर्ताओं में श्योपुर के प्रसिद्ध साहित्यकार श्री प्रणय प्रभात, पुरातत्त्वविद व समाजसेवी श्री कैलाश पाराशर, सहायक प्राध्यापक डॉ योग्यता भार्गव, गुना, शोधार्थी सुश्री सर्विष्ठा जाट, हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के सहायक प्राध्यापक डॉ नौनिहाल गौतम, सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ श्रीनिवास शर्मा आदि रहेंगे।
संगोष्ठी के प्रथम दिवस 22 सितंबर मंगलवार को प्रातः 10 बजे शुभारंभ सत्र के बाद विद्वतजन व प्राध्यापकगण सहित शोधार्थी अपने लघु शोध-पत्रों का वाचन करेंगे। इनमें श्योपुर ज़िले का प्रतिनिधित्व सृजनधर्मी श्री प्रणय प्रभात करेंगे। वाचन के लिए उनका शोध-पत्र आयोजक संस्थान द्वारा स्वीकृत किया गया है। उल्लेखनीय है कि विविध विषयों व विधाओं में सतत लेखन के लिए श्री प्रणय प्रभात राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हैं।
आयोजन की समन्वयक सहायक प्राध्यापक डॉ. परवीन वर्मा की देखरेख में सभी पूर्व प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया गया है।