मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी बिजली संबंधी समस्याओं का निराकरण करने के उद्देश्य से जिले में ‘ संपर्क अभियान ’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 12 नवंबर को सीहोर संभाग के ग्राम मोयापानी, छापरी ताल्लुक, आमलानवाबाद, नरसिंहखेड़ा एवं इछावर के वार्ड क्रमांक 09 में तथा आष्टा संभाग के आष्टा वार्ड क्रमांक 15 एवं खानदौरापुर में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बिजली बिल में सुधार, मीटर, सर्विस केबल, नए कनेक्शन, भुगतान सहित तकनीकी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।