पात्र हितग्राहियों को मिलेगा 35 प्रतिशत अनुदान

उमरिया 11 नवंबर।जिले के किसानों, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना पीएमएफएमई स्वरोजगार स्थापित करने का बेहतर अवसर प्रदान कर रही है। उद्यानिकी विभाग द्वारा जिले के नागरिकों से योजना का लाभ उठाकर खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थापित करने की अपील की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े छोटे एवं सूक्ष्म उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्तिगत हितग्राहियों को नई खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने अथवा वर्तमान इकाई के उन्नयन के लिए परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तक क्रेडिट लिंक्ड पूंजीगत अनुदान, अधिकतम 10 लाख रुपये प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसमें हितग्राही को परियोजना लागत का न्यूनतम 10 प्रतिशत स्वयं वहन करना होगा तथा शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत आटा चक्की, मसाला प्रसंस्करण, दाल मिल, तेल प्रसंस्करण, अचार, पापड़, मुरब्बा तथा फल एवं सब्जी प्रसंस्करण सहित विभिन्न खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं।

प्रभारी सहायक संचालक उद्यानिकी विभाग झनक सिंह मरावी ने जिले के किसानों, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ लेकर स्वयं का व्यवसाय स्थापित करें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए उद्यानिकी विभाग से संपर्क किया जा सकता है। उन्होने बताया कि अधिक जानकारी के लिए झनक सिंह मरावी, प्रभारी सहायक संचालक, उद्यानिकी विभाग मोबाइल नंबर 9434339565, 6265734849, 9301320405 से संपर्क किया जा सकता है।