मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के परिपालन में बड़वानी जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में जिले की पाटी विकासखंड के बोकराटा क्लस्टर की 12, रोसर क्लस्टर की 10 ग्राम पंचायतों सहित कुल 22 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार 13 नवम्बर को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन विश्वास शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना, शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना तथा तय समय-सीमा में लोक सेवाएं उपलब्ध कराना है। बोकराटा क्लस्टर की 12 ग्राम पंचायतों क्रमशः बेडदा, बोकराटा, चौकी, देवगढ़ ( एफ ), गारा ( एफ ), गोलपाटीवाड़ी ( एफ ), कुम्भखेत, पिपरकुण्ड ( एफ ), रोजमाल ( एफ ), सावरियापानी, शिवानी ( एफ ), उबादगढ ( एफ ) में एवं रोसर क्लस्टर की 10 ग्राम पंचायतों क्रमशः बोरखेड़ी, चेरवी ( एफ ), गुडी, हरला ( एफ ), कण्ड्रा, खाजपुर, लिम्बी, पोसपुर, रोसर, सेमलेट में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणजन सम्मिलित होकर शासन की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर सकेंगे। शिविर के अंतर्गत उपलब्ध सेवाएँ इन शिविरों में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक महत्वपूर्ण सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। राजस्व मामलों के अंतर्गत अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा के प्रकरणों का निस्तारण होगा। इसके अलावा फार्मर आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवायसी एवं आधार कार्ड अपडेशन जैसी डिजिटल सेवाएं प्रदान की जाएंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और पेंशन योजनाओं के निष्पादन के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु पशुपालन विभाग की मैत्री योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं पीएमएफएमई योजना के आवेदन पत्र भरे जाएंगे तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। अभियान के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो प्रातः 10 बजे से अपनी टीमों के साथ उपस्थित रहेंगे। शिविरों के उपरांत किए गए कार्यों की समीक्षा कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपराह्न 3 बजे ग्राम पंचायत बोकराटा में समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग अंतर्गत 20 अगस्त से प्रारम्भ हुए एग्री स्टैक, पैक्स सदस्यता, अग्रिम एवं उर्वरक उठाव अभियान के तहत उन किसानों की जिनकी फार्मर आईडी नहीं बनी है या जिनके सभी खाते उसमें शामिल नहीं हैं, एवं शेष छूटे खातों की फार्मर आईडी बनाने और सभी खातों को जोड़ने का कार्य पूर्ण किया जाएगा। शिविर में किसानों और जनप्रतिनिधियों को ई-टोकन प्रणाली में उपलब्ध सुविधाओं का जीवंत प्रदर्शन (लाइव डेमो) भी दिया जाएगा। साथ ही, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में नवीन सदस्यों को जोड़ने और किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों और किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन शिविरों का लाभ उठाएं।