................ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया शस्त्र पूजन बड़वानी 20 अक्टूबर 2026/ विजयादशमी पर्व के पावन अवसर पर रक्षित केंद्र (डीआरपी लाइन), बड़वानी में पारंपरिक आस्था, हर्षाेल्लास और गरिमा के साथ शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरी विधि-विधान से अस्त्र-शस्त्रों और शासकीय वाहनों का पूजन संपन्न कराया गया। इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी चौहान, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल उपस्थित रहे। पूजन के दौरान वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों को सजाया गया तथा उन्हें धूप-दीप अर्पित कर आरती उतारी गई। इस अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हर्ष फायर भी किए गए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने समस्त जिलेवासियों को विजयादशमी की मंगलकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। विजयादशमी पर्व पर आयोजित इस शस्त्र पूजन समारोह ने उपस्थित जनों को सांस्कृतिक गौरव का अनुभव कराने के साथ-साथ अपने कर्तव्य के प्रति पूर्ण समर्पण का संदेश भी दिया। इसी क्रम में जिले के समस्त थानों एवं पुलिस चौकियों में भी परंपरानुसार विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित थाना एवं चौकी स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीएम बड़वानी श्री भूपेन्द्र रावत, तहसीलदार बड़वानी श्री राहुल सोलंकी, एसडीओपी, थाना प्रभारी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।