मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 31 अक्टूबर को बैतूल के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम के दृष्टिगत आम नागरिकों एवं वाहन चालकों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं।
31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से मुख्यमंत्री जी के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत एलबी लॉन एवं कुंवर मैरिज लॉन आठनेर रोड, बटरफ्लाई स्क्वायर, चिचोली चौराहा, भारत भारती, हमलापुर चौक पर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उक्त प्रतिबंधित स्थानों से भारी वाहनों को बैतूल शहर की ओर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भारी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
मुख्यमंत्री जी के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से हेलीपैड बालाजी पुरम रोड से तितली चौराहा, करबला, अंडरब्रिज, विजय भवन, मैकेनिक चौक, गुरुद्वारा रोड होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक, कारगिल चौक से मैकेनिक चौक तक, मैकेनिक चौक से करबला होते हुए तितली चौराहा तक नो-व्हीकल जोन निर्धारित किया गया है। उक्त मार्गों पर निर्धारित अवधि में सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
मैकेनिक चौक से आने-जाने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकतानुसार क्वालिटी चौक होते हुए कारगिल चौक की ओर परिवर्तित किया जाएगा। यातायात की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए भौंरा, शाहपुर, रानीपुर एवं सारनी की ओर से आने वाली बसें भारत भारती एवं रानीपुर रोड होते हुए न्यू बैतूल ग्राउंड, बैतूल पहुँचेंगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क की जाएगी। मुलताई, भैंसदेही एवं आमला की ओर से आने वाली बसें निर्धारित मार्ग से होते हुए स्टेडियम पार्किंग एवं उत्कृष्ट विद्यालय परिसर बैतूल में पार्क की जाएगी। हमलापुर एवं बडोरा की ओर से आने वाली बसें निर्धारित मार्ग से होते हुए स्टेडियम पार्किंग एवं उत्कृष्ट विद्यालय परिसर बैतूल में पार्क की जाएगी।
भीमपुर एवं चिचोली की ओर से आने वाली बसें भारत भारती होते हुए जेएच कॉलेज, बैतूल पहुंचेंगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क की जाएगी। छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा की ओर से आने वाली बसें बडोरा मार्ग होते हुए जेएच कॉलेज एवं न्यू बैतूल ग्राउंड बैतूल में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क की जाएगी। नर्मदापुरम की ओर से आने वाली समस्त बसें भारत भारती होते हुए न्यू बैतूल ग्राउंड, बैतूल पहुँचेंगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क की जाएँगी।
आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस द्वारा आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों से अपील गई है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाए, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
