कलेक्टर श्री पवन जैन के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री महेंद्र सिंह अंब के निर्देशन में तथा प्रशासनम् इंस्टीट्यूट भिण्ड के माध्यम से विगत डेढ़ माह से पुलिस कांस्टेबल एवं प्रतियोगी परीक्षा हेतु जिलेभर से चयनित आधा सैकड़ा से अधिक बालिकाओं का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सशक्तवाहिनी निःशुल्क प्रशिक्षण चल रहा है। आज सशक्त वाहिनी कक्षाओं में अध्ययन प्रशिक्षण किट कलेक्टर श्री पवन जैन द्वारा वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री पवन जैन ने पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहीं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भिण्ड की माटी वीर सपूतों की माटी है यहां साहस और दृढ़ता की कमी नहीं है भिण्ड की बेटियां भी अब सेना और पुलिस में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहीं है। आप सभी भी अच्छे से पढ़ाई करें और अपने जिले तथा माता पिता का नाम रोशन करें। याद रखें नियमित अध्ययन और अनुशासन से ही सफलता मिलती है इसका कोई शॉर्ट कट नहीं है। उन्होंने अपनी ट्रेनिंग के पलों को भी साझा किया।
कलेक्टर श्री जैन न बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कोई भी काम ऐसा नहीं है, जिसे हम कर नहीं सकते, हमेशा बड़ा लक्ष्य बनाकर प्रयास करें। केवल पुलिस कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा ही लक्ष्य न हो अपितु वह एक प्राथमिक सफलता हो। आप चयन के बाद भी नए आयाम छुएं। शर्त बस यही है कि हमें निरंतर, नियमित संयमित और ईमानदारी से पढ़ाई करनी है।
उपस्थित शिक्षकगणों से भी अपेक्षा की गई कि परीक्षा पाठ्यक्रम अनुसार तैयारी कराई जावे। परीक्षा के पूर्व खूब मॉक टेस्ट कराए जावें ताकि जितनी भी गलतियां होनी हैं प्रैक्टिस में हो जाएं परीक्षा में नहीं। प्रशासन की अपेक्षा है कि आप अधिक से अधिक परीक्षा में उत्साहपूर्ण प्रतिभागिता करें और चयन निश्चित करें।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव पहल बालिकाओं को और महिलाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री महेंद्र सिंह अंब द्वारा अवगत कराया गया कि विभाग का लक्ष्य है कि भिण्ड की अधिक से अधिक बेटियों का चयन शासकीय सेवाओं में हो। ताकि बेटियों को लेकर समाज में जो रूढ़िवादी सोच है उसको बदला जा सके। बालिकाओं को समस्त प्रशिक्षण सामग्री किताबें, कॉपी, नोट्स और मॉक टेस्ट, समस्त सामग्री विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। और हमारा यह प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक बालिकाओं का चयन होगा वह जिले का नाम रोशन करें।
बाल सरंक्षण अधिकारी श्री अजय सक्सेना द्वारा अवगत कराया गया कि सशक्त वाहिनी योजना का प्रमुख उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के माध्यम से बालिका हितेशी वातावरण का निर्माण करना है और बालिकाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक तौर पर सशक्त और संबल बनाना है। हमारा प्रयास आपको विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से शासकीय सेवा में चयन के माध्यम से सुरक्षित भविष्य और आर्थिक संबल और सामाजिक सशक्तिकरण प्रदाय करना है।
प्रशासनम् इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक धर्मेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि बालिकाओं का निरंतर साप्ताहिक टेस्ट और उनकी व्यक्तिगत मॉनिटरिंग की जाती है, संस्थान के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री आनंद सिंह भदौरिया ने अभ्यर्थियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर उनकी प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान संस्था मैनेजर और सह निदेशक श्री अमित शर्मा एवं पूर्व प्राचार्य श्री ईशेंद्र सिंह भदौरिया, संचालनकर्ता श्री धर्मेंद्र सिंह तोमर के साथ सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।