शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय बालाघाट में 29 सितंबर 2026 को मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सरकार आपके द्वार योजना जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए केवल शिक्षा प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाएं छात्राओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बालाघाट के प्रबंधक श्री अंकित गजभिए ने “सरकार आपके द्वार योजना जागरूकता कार्यक्रम” विषय पर जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 1 लाख से 50 लाख रुपये तक के ऋण, उस पर मिलने वाले शासकीय अनुदान तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को पीपीटी के माध्यम से समझाया।

उन्होंने बताया कि बालाघाट जिले की छात्राएं स्थानीय संसाधनों पर आधारित विभिन्न व्यवसायों, जैसे अगरबत्ती निर्माण, अचार-पापड़, बुटीक, ब्यूटी पार्लर एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अपना स्टार्टअप शुरू कर सकती हैं। द्वितीय मुख्य वक्ता सेडमैप (उद्यमिता विकास केंद्र, म.प्र.) के जिला समन्वयक श्री सुनील कुमार ढोक ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, स्टार्टअप इंडिया तथा सेडमैप द्वारा प्रदान किए जाने वाले निःशुल्क उद्यमिता प्रशिक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के समाधान भी वक्ताओं द्वारा दिए गए।कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को शासन की स्वरोजगार एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सेवा संकल्प अभियान की नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया।