नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय भारत अंतर्राष्ट्रीय चावल सम्मेलन-2026 में बालाघाट जिले के जीआई टैग प्राप्त चिन्नौर चावल ने अपनी विशेष पहचान दर्ज कराई है। ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के तहत चयनित बालाघाट चिन्नौर चावल का सम्मेलन में विशेष स्टॉल लगाकर प्रदर्शन किया जा रहा है। अपनी विशिष्ट सुगंध, स्वाद और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध चिन्नौर चावल को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के व्यापारियों और निर्यातकों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड), भोपाल एवं कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के संयुक्त तत्वावधान में चिन्नौर चावल के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया है।
किसान उत्पादक कंपनी कर रही जिले का प्रतिनिधित्व
सम्मेलन में बालाघाट जिले का प्रतिनिधित्व लालबर्रा चिन्नौर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के अध्यक्ष श्री ईशुपाल चौहान एवं संचालक सदस्य श्री राधेलाल पटले स्टॉल पर पहुंचने वाले व्यापारियों, निर्यातकों और प्रतिनिधियों को चिन्नौर चावल की विशेषताओं से अवगत करा रहे हैं। वे चावल की प्राकृतिक सुगंध, गुणवत्ता तथा पारंपरिक महत्व की जानकारी देकर इसकी बाजार संभावनाओं को सामने रख रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने की बढ़ी उम्मीद
भारत अंतर्राष्ट्रीय चावल सम्मेलन के माध्यम से बालाघाट के किसान उत्पादक संगठन को देश के बड़े निर्यातकों और विदेशी खरीदारों के साथ सीधे बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) संवाद करने का अवसर मिला है। इससे चिन्नौर चावल के निर्यात की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी पहचान बढ़ने से स्थानीय धान उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार और आर्थिक लाभ मिलने का रास्ता खुल सकता है।
उल्लेखनीय है कि बालाघाट का चिन्नौर चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, पकने के बाद की कोमलता और स्वाद के लिए जाना जाता है। इसे वर्ष 2021 में भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्राप्त हुआ था। भारत मंडपम जैसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चिन्नौर चावल का प्रदर्शन बालाघाट जिले के कृषि उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


