किसानों की समस्याओं के निराकरण, कृषि कार्यों में आ रही कठिनाइयों को दूर करने तथा आगामी धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 3 नवंबर को किसान संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में किसानों ने कृषि संबंधी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 10 अक्टूबर तक धान उपार्जन के लिए पंजीयन नहीं करा पाने वाले किसानों को एक और अवसर दिया गया है। ऐसे किसानों के पंजीयन के लिए 4 नवंबर तक पोर्टल खोला गया है। कलेक्टर ने शेष किसानों से निर्धारित समय-सीमा में अपना पंजीयन कराने की अपील की।
कलेक्टर श्री सिंह ने किसानों से खेतों में पराली नहीं जलाने और उसके उचित प्रबंधन के लिए बेलर मशीन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसलिए सभी किसान पराली प्रबंधन में सहयोग करें और नरवाई जलाने से बचें।
बैठक में किसानों ने सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता की समस्या भी उठाई। इस पर कलेक्टर ने कहा कि पंचायतों, किसान संगठनों एवं जनभागीदारी के माध्यम से जन अभियान चलाकर नहरों की साफ-सफाई कराई जाएगी, जिससे सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में सुविधा हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के निराकरण और कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए किसान संगठनों के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।
कस्टम हायरिंग सेंटरों की जांच और ऑडिट के निर्देश
बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि जिले में संचालित कस्टम हायरिंग सेंटरों का अपेक्षित लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय को जिले के सभी कस्टम हायरिंग सेंटरों की जांच कराने तथा उनका ऑडिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेंटरों के बाहर कृषि कार्यों के लिए किराये पर उपलब्ध कराए जाने वाले उपकरणों की दर सूची भी अनिवार्य रूप से चस्पा कराने को कहा, ताकि किसानों को उपकरणों की उपलब्धता और किराये की जानकारी आसानी से मिल सके।
रबी में धान की जगह कम पानी वाली फसलें लगाने पर जोर
बैठक में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि बावनथड़ी सिंचाई परियोजना से रबी सीजन में धान की फसल के लिए पानी नहीं दिया जाना चाहिए। इस संबंध में तिरोड़ी क्षेत्र के किसानों को जागरूक करने तथा रबी सीजन में धान के स्थान पर कम पानी में तैयार होने वाली अन्य फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया गया।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय, आत्मा परियोजना संचालक डॉ. रामनाथ पटेल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक श्री अभिनव सिंह बघेल, उपायुक्त सहकारिता श्री राजेश उइके, सहायक संचालक कृषि श्री राजेश खोबरागड़े, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संत कुमार भलावी सहित किसान संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।


