प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2026 के लिए ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ कार्यक्रम का आयोजन 15 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बीमित किसानों को उनकी फसल बीमा पॉलिसी उपलब्ध कराने के साथ योजना के प्रावधानों एवं लाभों के प्रति जागरूक करना है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास आर.एस. गुप्ता ने बताया कि केंद्र एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बीमित किसानों को फसल बीमा पॉलिसियों का वितरण किया जाएगा तथा योजना की पात्रता, बीमा सुरक्षा, लाभ एवं फसल क्षति की स्थिति में दावा प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
विभिन्न विभागों की रहेगी सहभागिता
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायत संस्थाओं, बैंकों, बीमा कंपनियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पॉलिसी वितरण की नियमित मॉनिटरिंग, दैनिक रिपोर्टिंग तथा पर्याप्त मात्रा में पॉलिसियों एवं प्रचार-प्रसार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए दूरदर्शन, रेडियो, समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया का भी उपयोग किया जाएगा।
वन अधिकार अधिनियम के पात्र किसानों को प्राथमिकता
शासन के निर्देशानुसार वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के अंतर्गत आने वाले पात्र कृषकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित ग्राम पंचायत स्तरीय शिविरों में सहभागिता कर अपनी फसल बीमा पॉलिसी प्राप्त करें तथा योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी लें। इस पहल से किसानों में फसल बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और योजना का लाभ पात्र कृषकों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
