चित्रकूट विकास प्राधिकरण (सीडीए) कार्यालय में गुरुवार को प्राधिकरण की द्वितीय बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीडीए अध्यक्ष श्री विजय यादव ने की। बैठक में धार्मिक नगरी चित्रकूट में अवस्थापना विकास, तीर्थयात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगामी दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर एवं सीईओ डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर, टीएसपी से नागेश पेन्द्रो, विद्युत कंपनी के अधीक्षण यंत्री प्रशांत सिंह, मैनेजर स्मार्ट सिटी दीपेन्द्र सिंह, सीएमओ नगर परिषद अंकित सोनी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में चित्रकूट विकास प्राधिकरण कार्यालय के सुचारू संचालन के लिए आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, जैसे भृत्य एवं चौकीदार की नियुक्ति किए जाने पर सहमति बनी। इसी प्रकार टीएनसीपी द्वारा इम्पैनल्ड कंसल्टेंट के माध्यम से आधुनिक टाउनशिप योजना, रिवर फ्रंट और मल्टी फैसिलिटी सेंटर के विकास संबंधी प्रस्ताव तैयार किए जाने का निर्णय लिया गया।

चित्रकूट विकास कार्यों का किया निरीक्षण

बोर्ड बैठक के बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के साथ चित्रकूट में विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, पीपा पुल निर्माण तथा प्रमोदवन घाट का निरीक्षण कर संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। आगामी दीपावली मेले में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये।