विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने गुरुवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जालौनी एवं सांगोली में कुल 18 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 17.50 किलोमीटर है। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम सांगोली में 77.84 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होने के साथ स्थानीय स्तर पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

इस अवसर पर मुरैना-श्योपुर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री अन्वेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ग्राम जालौनी में माता का पुरा से भुआ का पुरा तक नहर किनारे मुख्य सड़क तक बनने वाली 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन किया। इस सड़क के निर्माण पर 2 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। सड़क निर्माण से नावली, थरा, जालौनी, माता का पुरा और भुआ का पुरा सहित आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होने के साथ कृषि उपज के परिवहन में भी सहूलियत होगी।

इसी क्रम में ग्राम सांगोली से कोथरकलां होते हुए भजपुरा मुख्य राज्य राजमार्ग तक 14 किलोमीटर लंबी दो लेन सड़क का निर्माण 16 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इस सड़क की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। सड़क निर्माण से भजपुरा, कोथरकलां, तरसमा, सांगोली, लेपा, भिड़ौसा और मानपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मार्गों से जुड़ाव मजबूत होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि संबंधी गतिविधियों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने ग्राम सांगोली में 77.84 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें कोलेश्वर महादेव खनिज निधि से 5.42 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण, 5 लाख रुपये की लागत से ई-कक्ष, 5 लाख रुपये की लागत से सीसी खरंजा, 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा 6.52 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त 15वें वित्त आयोग की राशि से 3 लाख रुपये की लागत से शांतिधाम का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम लेपा में 5.42 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क तथा ग्राम पंचायत मानपुर रजपूती में 37.50 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों को बेहतर सड़कों से जोड़ने के साथ ग्राम पंचायतों में शासकीय कार्यों के सुचारु संचालन के लिए पंचायत भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के 55 पुराने विद्यालय भवनों के सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि उसैद-पिनाहट पुल, अटार घाट पुल और नेपरी-सिकरौदा पुल सहित विभिन्न निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार हुआ है। क्षेत्र से ग्रीन एक्सप्रेस-वे भी निकाला जा रहा है, जिससे भविष्य में आवागमन और अधिक सुगम होने की संभावना है। सड़क एवं पुल जैसी आधारभूत संरचनाओं का विकास ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक एवं कृषि गतिविधियों को भी गति प्रदान करता है।

श्री तोमर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। इसी प्रकार लाड़ली बहना योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों, महिलाओं और अन्य पात्र हितग्राहियों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण तथा स्टॉपडेम निर्माण की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से सड़क को भिड़ौसा तक विस्तारित कराने तथा स्टॉपडेम का निर्माण कराने का आग्रह किया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर अपने विचार व्यक्त किए।