कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा ने 26 सितंबर की रात्रि में जनजातीय बहुल क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली का औचक निरीक्षण किया। देर रात अधिकारियों के अचानक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों के उपचार तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती मरीजों से सीधे चर्चा की और उनसे अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में भी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री सत्यम ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज के उपचार एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाएं स्वास्थ्य केंद्र से ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लगातार सजग एवं मुस्तैद रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेष रूप से रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। ड्यूटी के समय चिकित्सक एवं सभी संबंधित स्टाफ की अस्पताल में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने बिठली स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में स्वच्छता और साफ सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।


