मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने उप स्वास्थ्य केन्द्र भेजरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केन्द्र में संचालित ओपीडी, मरीजों के पंजीयन, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार व्यवस्था तथा उपलब्ध दवाइयों के संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने ओपीडी में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए बीपी एवं डायबिटीज की जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यकतानुसार उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की संख्या तथा उन्हें दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध दवाइयों एवं स्वास्थ्य उपकरणों का अवलोकन किया तथा आवश्यक दवाइयों एवं संसाधनों की उपलब्धता नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके निकट ही समय पर स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बीपी, डायबिटीज सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की नियमित जांच कर आवश्यकतानुसार मरीजों को उचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर की स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, तहसीलदार, बीएमओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



