रायसेन पुलिस लाइन में आयोजित ‘पुलिस स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया तथा पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वाेच्च बलिदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री गुप्ता ने विगत एक वर्ष में देशभर में शहीद हुए 150 पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े। इस अवसर पर होमगार्ड कमान्डेंट श्री उमेश तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के बर्फीले क्षेत्र हॉटस्प्रिंग में 16 हजार फीट की ऊंचाई पर चीन की सशस्त्र सेना के साथ मुठभेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की पेट्रोलिंग पार्टी के 10 जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। तभी से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
