राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड करेली के तत्वाधान में नवांकुर संस्था एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कपूरी द्वारा ग्राम कपूरी एवं कर्ताज में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, जीआरएस, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थितजनों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा सक्षमता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में उपस्थितजनों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों को स्वच्छता एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं जनहितकारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में सकारात्मक एवं जागरूक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।