दतिया में महिला बाल विकास एवं परिवहन विभाग के समन्वय से जिले में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चाइल्ड लाईन परिसर दतिया में पिंक लायसेंस ड्राईव हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन विगत दिवस किया गया।

इस अवसर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और आरटीओ ऑफिस के श्री सुनील दुबे के द्वारा महिलाओं/बालिकाओं को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस दिये जाने हेतु उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं का टेस्ट लिया गया तथा टेस्ट पास करने वाली महिलाओं,बालिकाओं को लर्निग ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर दिये गए।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री हरनोद शर्मा ने कहा कि, मध्यप्रदेश शासन द्वारा महिलाओं, बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु महिला एवं बालिका हितैषी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए पिंक लायसेंस ड्राईव शिविर इसी दिशा में एक पहल है।

उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार के आयोजन भविष्य में आगे भी किये जायेगें ताकि महिलायें सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। शिविर में 30 से अधिक महिलाओं, बालिकाओं ने अपना लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किए।