जिले के दतिया विकासखंड़ के ग्राम आसेर में स्थापित अमन कस्टम हायरिंग सेंटर क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। केंद्र के संचालक विक्रम दांगी द्वारा वर्ष 2025 में स्थापित इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य किसानों को रियायती दर पर आधुनिक कृषि यंत्र किराए पर उपलब्ध कराना है, जिससे किसानों को महंगे कृषि उपकरण खरीदने की बाध्यता न रहे और कम लागत में कृषि कार्य समय पर संपन्न हो सके।

वर्तमान में केंद्र के पास कुल 10 प्रमुख कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनमें सुपर सीडर, ट्रैक्टर तथा सीड ड्रिल मुख्य रूप से शामिल हैं। इन आधुनिक यंत्रों के उपयोग से किसान खेत की तैयारी, बुवाई, फसल प्रबंधन एवं कटाई के कार्य सरलतापूर्वक कर रहे हैं।

अब तक इस केंद्र के माध्यम से लगभग 120 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है और कुल 2000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में किराए पर कृषि यंत्रों की सेवाएं प्रदान की गई हैं। इससे किसानों के समय, श्रम और लागत में उल्लेखनीय बचत हुई है।

संचालक विक्रम दांगी बताते हैं कि छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए यह व्यवस्था अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है, क्योंकि वे आवश्यकतानुसार उपकरण किराए पर लेकर समय से अपनी खेती पूरी कर पा रहे हैं और आधुनिक तकनीक का सीधा लाभ उठा रहे हैं। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया