जिले में रबी फसलों की बुवाई को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को उनकी मांग के अनुरूप उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिले में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके सहित विभिन्न उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। किसानों को उर्वरकों का वितरण ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया गया है।
जिले में अब तक ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से कुल 19,895 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है। रबी वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में 13,968 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित हुआ था। इस प्रकार इस वर्ष अब तक गत वर्ष की तुलना में लगभग 42 प्रतिशत अधिक उर्वरक का वितरण किया गया है। अब तक 65,863 कृषकों द्वारा ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक प्राप्त किया गया है।
यूरिया का वितरण 51 प्रतिशत अधिक
जिले में अब तक 10,457 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि तक 6,913 मीट्रिक टन यूरिया वितरित हुआ था। इस प्रकार यूरिया का वितरण गत वर्ष की तुलना में लगभग 51 प्रतिशत अधिक रहा है। वर्तमान में जिले में 9,362 मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण उपलब्ध है।
किसानों की मांग के अनुरूप अब तक 7,736 मीट्रिक टन डीएपी का वितरण किया गया है। गत वर्ष इसी अवधि में 4,773 मीट्रिक टन डीएपी का वितरण हुआ था। इस वर्ष डीएपी का वितरण गत वर्ष की तुलना में लगभग 62 प्रतिशत अधिक है। वर्तमान में जिले में 3,216 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है।
जिले में अब तक 1,480 मीट्रिक टन एनपीकेएस का वितरण किया गया है, जबकि वर्तमान में 735 मीट्रिक टन एनपीकेएस का भंडारण उपलब्ध है। इसी प्रकार 198 मीट्रिक टन एसएसपी का वितरण किया गया है तथा वर्तमान में 125 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है। इन उर्वरकों का वितरण सहकारी एवं निजी अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किया जा रहा है।
जिले में सभी प्रकार के उर्वरकों का कुल वर्तमान भंडारण 13,488 मीट्रिक टन है। रबी फसलों की बुवाई के दौरान यूरिया और डीएपी की मांग बढ़ने के बावजूद इन दोनों उर्वरकों का वितरण गत वर्ष की तुलना में काफी अधिक रहा है। आगामी दिनों में भी उर्वरकों की आपूर्ति निरंतर बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसानों को खाद की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे उर्वरक केवल अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही खरीदें तथा आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक प्राप्त करें। किसान अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें, ताकि जिले के सभी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध हो सके।

