भारत सरकार के वित्त विभाग एवं भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशानुसार जिले के विकासखंड कुरई के ग्राम बिछुआ माल में वित्तीय समावेशन एवं वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय योजनाओं, बचत के महत्व तथा सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करना और उन्हें विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना था। कार्यक्रम में ग्रामीणों को शासन की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने तथा बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग करने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री लोचन सिंह मर्सकोले उपस्थित रहे। भारतीय रिजर्व बैंक, भोपाल से अग्रणी जिला अधिकारी श्री धीरज गुप्ता विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अतिरिक्त अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक श्री प्रवीण कुमार दिसोरिया, वित्तीय साक्षरता केंद्र सिवनी से श्री राजेंद्र सदाफल, सीएफएल अधिकारी श्री जितेंद्र डहेरिया एवं श्रीमती रश्मि चौहान तथा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) से श्रीमती पूजा शर्मा ने सहभागिता की। उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभिन्न वित्तीय सेवाओं और योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभों से अवगत कराया।शिविर में भारतीय स्टेट बैंक, मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र के बैंकिंग प्रतिनिधियों और कियोस्क संचालकों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा बैंक खातों से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में समझाया गया। शिविर में बैंक खातों की पुनः पहचान एवं ग्राहक विवरण अद्यतन प्रक्रिया (री-केवाईसी), नए बैंक खाते खोलने तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पंजीयन की जानकारी प्रमुखता से दी गई।इस दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) एवं अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के संबंध में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को इन योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं नामांकन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से योजनाओं से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़कर नागरिक भविष्य की अनिश्चित परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का नियमित उपयोग करने, बचत की आदत विकसित करने तथा अपनी आवश्यकताओं के अनुसार वित्तीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित बैंकिंग के संबंध में भी विशेष जानकारी दी गई। ग्रामीणों को अनजान फोन कॉल, संदेशों एवं संदिग्ध लिंक से सावधान रहने, अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित रखने के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने समझाया कि डिजिटल बैंकिंग की सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्कता बरतना आवश्यक है, ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सके।मुख्य अतिथि श्री लोचन सिंह मर्सकोले ने अपने संबोधन में बैंकिंग सेवाओं के महत्व और जीवन में बचत की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने गुल्लक की कहानी के माध्यम से ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से थोड़ी-थोड़ी राशि बचाने की आदत भविष्य में आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होती है। उन्होंने ग्रामीणों को अपनी आय का कुछ हिस्सा बचत के लिए सुरक्षित रखने तथा बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में नामांकन तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, लोगों में बचत की आदत विकसित करने और उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोजगार
ग्राम बिछुआ माल में वित्तीय समावेशन एवं साक्षरता शिविर आयोजितग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, शासकीय योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सिवनी · 27 अक्टूबर 2026 · 5 मिनट
खास बातें
- भारतीय रिजर्व बैंक, भोपाल से अग्रणी जिला अधिकारी श्री धीरज गुप्ता विशेष रूप से शामिल हुए।
- अधिकारियों ने ग्रामीणों को इन योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं नामांकन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से योजनाओं से जुड़ने का आग्रह किया।


