महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना पांढुर्णा के अंतर्गत सेक्टर पठाई में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण क्लिनिक का आयोजन किया गया। पोषण क्लिनिक के माध्यम से गंभीर तीव्र कुपोषित (एसएएम), मध्यम तीव्र कुपोषित (एमएएम) एवं गंभीर कम वजन (एसयूडब्ल्यू) श्रेणी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
आयोजन के दौरान बच्चों के वजन, लंबाई एवं स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया। बच्चों की स्थिति के अनुसार आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर उपचार एवं उचित देखभाल के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर बच्चों की माताओं एवं अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, नियमित स्तनपान तथा बच्चों की उचित देखभाल के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए घर पर ही उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने तथा नियमित रूप से बच्चों के स्वास्थ्य एवं वजन की निगरानी करने की समझाइश दी गई।
पोषण क्लिनिक का मुख्य उद्देश्य कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना तथा सतत निगरानी के माध्यम से उनके पोषण स्तर में सुधार सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि एवं बच्चों के अभिभावकों की सहभागिता रही।



