कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में आज जिले के ग्राम पीपलपानी में उपसंचालक कृषि श्री मॉरिस नाथ के द्वारा बायो रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर किसान संगोष्ठी का आयोजन कर किसानों को प्राकृतिक एवं कम लागत वाली कृषि पद्धतियों तथा आगामी रबी मौसम की फसल योजना के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग, आत्मा परियोजना, कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, बायो रिसोर्स सेंटर के संचालक, कृषि सखी, उन्नतशील किसान तथा प्राकृतिक खेती करने वाले किसान उपस्थित रहे।

किसान संगोष्ठी में आगामी रबी मौसम को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को ऐसी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिनमें अपेक्षाकृत कम पानी की आवश्यकता होती है। किसानों को चना, मसूर, सरसों एवं अलसी जैसी फसलों की खेती को बढ़ावा देने तथा उपलब्ध जल संसाधनों के समुचित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।

अधिकारियों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा कृषि में उपलब्ध नवीन तकनीकों को अपनाने के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बायो रिसोर्स सेंटर के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को स्थानीय परिस्थितियों एवं उपलब्ध जल संसाधनों के अनुरूप उपयुक्त फसल चयन के लिए जागरूक करना तथा टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा।