कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरुवार को सुसनेर विकासखण्ड के ग्राम गरड़ा में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से वर्ष 2025-26 में निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने अमृत सरोवर के स्थल चयन की सराहना की। वर्तमान में अमृत सरोवर लबालब भरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि अमृत सरोवर में पूरी गर्मी भर पर्याप्त पानी रहता है, जिससे क्षेत्र के कुओं का जलस्तर बढ़ा है। ग्रामीणों द्वारा स्व-प्रेरणा से सिंचाई हेतु अमृत सरोवर से पानी नहीं लेने के सामूहिक संकल्प की कलेक्टर डॉ. मीना ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संकल्प जल संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। अमृत सरोवर के निर्माण से ग्रामीणजन एवं किसान बेहद खुश हैं। यह सरोवर न केवल जल संचयन का महत्वपूर्ण स्रोत बना है, बल्कि भू-जल स्तर में वृद्धि में भी सहायक सिद्ध हो रहा है।

इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी जनपद सीईओ श्री अभिषेक यादव सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।