हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्य स्मृति में प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने आज किशोर कुमार समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने समाधि स्थल पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने किशोर दा को प्रिय दूध-जलेबी का भोग भी लगाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किशोर कुमार खंडवा के गौरव हैं, जिनकी आवाज और अभिनय ने देश-दुनिया में खंडवा का नाम रोशन किया है। उनकी स्मृतियों को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दौरान जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेडे, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर उपस्थित थे।

