अमरवाड़ा विकासखंड के ग्राम करबडोल निवासी श्रीमती रीना भारती के परिवार के लिए कच्चे मकान में रहना हमेशा एक बड़ी चुनौती रहा। परिवार की आजीविका कृषि मजदूरी और वनोपज पर निर्भर थी। सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना आसान नहीं था। मिट्टी की दीवारों से बने कच्चे मकान में बारिश के दिनों में पानी भर जाता था, जिससे घर में रखा अनाज और कपड़े भी खराब हो जाते थे। ऐसे में परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना उनकी सबसे बड़ी जरूरत थी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से अब उनके परिवार की परिस्थितियों में बदलाव आया है। पक्के मकान से मिली सुरक्षित छत - वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत श्रीमती रीना भारती को पक्का मकान स्वीकृत हुआ। योजना के तहत 2 लाख रुपये की सहायता राशि के साथ मनरेगा के माध्यम से 21 हजार रुपये की मजदूरी का लाभ मिला। इस सहायता से उनका पक्का मकान बनाने का सपना पूरा हुआ। अब परिवार को बारिश के दौरान कच्चे मकान में होने वाली परेशानियों से राहत मिली है और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित घर में रह पा रहे हैं। रसोई, स्वच्छता और खाद्यान्न की सुविधा से मिली राहत - श्रीमती रीना भारती के परिवार को अंत्योदय राशन कार्ड के माध्यम से प्रतिमाह 20 किलो खाद्यान्न मिल रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से उनकी रसोई में सुविधा बढ़ी है। अब उन्हें लकड़ियां जुटाने और धुएं के बीच खाना बनाने की परेशानी से राहत मिली है। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 हजार रुपये की सहायता से व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण हुआ, जिससे परिवार को घर में ही स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध हुई है। स्वास्थ्य और पोषण के लिए भी मिल रहा सहयोग - आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत परिवार के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इससे पात्रतानुसार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही भारिया पोषण आहार योजना के अंतर्गत श्रीमती रीना भारती को प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता मिल रही है, जिससे परिवार की घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिलता है। कृषि मजदूरी और वनोपज पर निर्भर श्रीमती रीना भारती के परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से आवास, खाद्यान्न, रसोई, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिला है। पहले जहां परिवार की जरूरतें पूरी करना चुनौतीपूर्ण था, वहीं अब इन योजनाओं से जीवन अधिक सुविधाजनक हुआ है। श्रीमती रीना भारती के परिवार की यह कहानी बताती है कि शासकीय योजनाओं का प्रभावी लाभ जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित जीवन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सफलता की कहानी
"कहानी बदलाव की" जनमन आवास से मिला पक्का आशियाना, शासकीय योजनाओं से जीवन हुआ आसान

छिंदवाड़ा · 12 अक्टूबर 2026 · 4 मिनट
खास बातें
- योजना के तहत 2 लाख रुपये की सहायता राशि के साथ मनरेगा के माध्यम से 21 हजार रुपये की मजदूरी का लाभ मिला।
- वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 हजार रुपये की सहायता से व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण हुआ, जिससे परिवार को घर में ही स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध हुई है।
- इससे पात्रतानुसार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।



