मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सोमवार (9 नवम्बर) को गोवर्धन पूजा का पावन पर्व है। इस पुनीत अवसर पर प्रदेश के गांव-गांव में जहां-जहां वृंदावन गौशालाएं संचालित हो रही हैं और जहां गौशालाओं को शासकीय अनुदान दिया जाता है, वहां गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समाज के लोग भी अपने-अपने घरों में परम्परागत रूप से गोवर्धन पूजा मनायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पिछले दिनों वृंदावन गांवों में पशुपालकों के बीच एक प्रतियोगिता हुई थी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गांवों को गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। पहले पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपए, दूसरे पुरस्कार में 50 हजा़र और तीसरे पुरस्कार के रूप में 25 हजा़र रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही गांवों में किसानों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं के लिए भी अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार विभिन्न प्रतियोगिताओं और पुरस्कारों को जोड़कर गोवर्धन पूजा आयोजन को और अधिक भव्य एवं नव्य बनाने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री डा. यादव ने रविवार की शाम (दीपावली पर) उज्जैन प्रवास के दौरान स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं दी हैं।